माता ब्रह्मचारिणी - कैसे करें पूजा, पढ़ें मंत्र, कवच, स्तोत्र, कथा, आरती Mata Brahmacharini Mantra

माता ब्रह्मचारिणी - कैसे करें पूजा, पढ़ें मंत्र, कवच, स्तोत्र, कथा, आरती Mata Brahmacharini Mantra

माता ब्रह्मचारिणी - दूसरे नवरात्र में मां के ब्रह्मचारिणी एवं तपश्चारिणी रूप को पूजा जाता है। ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा नवरात्रि के दूसरे दिन की जाती है। देवी ब्रह्मचारिणी का स्वरूप ज्योर्तिमय है। ये मां दुर्गा की नौ शक्तियों में से दूसरी शक्ति हैं। मां ब्रह्मचारिणी के नाम में ब्रह्म का अर्थ है तपस्या और चारिणी का अर्थ है आचरण करने वाली। तपश्चारिणी, अपर्णा और उमा इनके अन्य नाम हैं। भगवान शिव से विवाह के लिए अखंड प्रतिज्ञा और कठोर तप के नियमों में बाधित होने के कारण इनका नाम ब्रह्मचारिणी पड़ा। जो साधक मां के इस रूप की पूजा करते हैं उन्हें तप, त्याग, वैराग्य, संयम और सदाचार की प्राप्ति होती है।

मां ब्रह्मचारिणी को इस लोक के समस्त चर और अचर जगत की विद्याओं की ज्ञाता माना जाता है। मां ब्रह्मचारिणी सफेद रंग के वस्‍त्र धारण करती हैं। माता के दाहिने हाथ में जप की माला और बाएं हाथ में कमंडल सुशोभित है। मां ब्रह्मचारिणी पवित्रता, शांति, तप और शुद्ध आचरण का प्रतीक मानी जाती हैं।

क्या चढ़ाएं प्रसाद 
मां भगवती को नवरात्र के दूसरे दिन चीनी का भोग लगाना चाहिए मां को शक्कर का भोग प्रिय है। ब्राह्मण को दान में भी चीनी ही देनी चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से मनुष्य दीर्घायु होता है। इनकी उपासना करने से मनुष्य में तप, त्याग, सदाचार आदि की वृद्धि होती है।

माता ब्रह्मचारिणी देवी की पूजा विधि
देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा करते समय सबसे पहले हाथों में एक फूल लेकर उनका ध्यान करें और प्रार्थना करते हुए नीचे लिखा मंत्र बोलें।
 
श्लोक
दधाना करपद्माभ्यामक्षमालाकमण्डलु| देवी प्रसीदतु मयि ब्रह्मचारिण्यनुत्तमा ||
 
ध्यान मंत्र
वन्दे वांछित लाभायचन्द्रार्घकृतशेखराम्।
जपमालाकमण्डलु धराब्रह्मचारिणी शुभाम्॥
 
गौरवर्णा स्वाधिष्ठानस्थिता द्वितीय दुर्गा त्रिनेत्राम।
धवल परिधाना ब्रह्मरूपा पुष्पालंकार भूषिताम्॥
 
परम वंदना पल्लवराधरां कांत कपोला पीन।
पयोधराम् कमनीया लावणयं स्मेरमुखी निम्ननाभि नितम्बनीम्॥
 
इसके बाद देवी को पंचामृत स्नान कराएं, फिर अलग-अलग तरह के फूल,अक्षत, कुमकुम, सिन्दुर, अर्पित करें। देवी को सफेद और सुगंधित फूल चढ़ाएं।

देवी मां को चढ़ाएं और इन मंत्रों से प्रार्थना करें।
 
1. या देवी सर्वभू‍तेषु माँ ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।
 
2. दधाना कर पद्माभ्याम अक्षमाला कमण्डलू।
देवी प्रसीदतु मई ब्रह्मचारिण्यनुत्तमा।।

देवी मां के इन मंत्रो का जाप किया जा सकता है -
  या देवी सर्वभू‍तेषु माँ ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता।
  नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।।
 
अर्थ : हे मां! सर्वत्र विराजमान और ब्रह्मचारिणी के रूप में प्रसिद्ध अम्बे, आपको मेरा बार-बार प्रणाम है। या मैं आपको बारंबार प्रणाम करता हूं।

माँ ब्रह्मचारिणी बीज मंत्र

  • ओम ब्रां ब्रीं ब्रौं ब्रह्मचारिणीय नमः
  • ॐ ऐं ह्रीं क्लीं ब्रह्मचारिण्यै नमः

माँ ब्रह्मचारिणी कवच (Brahmacharini Kavach)

त्रिपुरा में हृदयं पातु ललाटे पातु शंकरभामिनी।
अर्पण सदापातु नेत्रो, अर्धरी च कपोलो॥

पंचदशी कण्ठे पातुमध्यदेशे पातुमहेश्वरी॥
षोडशी सदापातु नाभो गृहो च पादयो।
अंग प्रत्यंग सतत पातु ब्रह्मचारिणी

माँ ब्रह्मचारिणी स्तोत्र

तपश्चारिणी त्वंहि तापत्रय निवारणीम्।
ब्रह्मरूपधरा ब्रह्मचारिणी प्रणमाम्यहम्॥
शंकरप्रिया त्वंहि भुक्ति-मुक्ति दायिनी।
शान्तिदा ज्ञानदा ब्रह्मचारिणी प्रणमाम्यहम्॥

ब्रह्मचारिणी कथा (Brahmacharini Katha)

मां ब्रह्मचारिणी ने भगवान शंकर को प्रसन्न करने के लिए कठिन तपस्या की थी | इसलिए इन्हें तपश्चारिणी भी कहा जाता है | मां ब्रह्मचारिणी कई हजार वर्षों तक जमीन पर गिरे बेलपत्रों को खाकर भगवान शंकर की आराधना करती रहीं और बाद में उन्होंने पत्तों को खाना भी छोड़ दिया, जिससे उनका एक नाम अपर्णा भी पड़ा

मां ब्रह्मचारिणी की आरती (Aarti of Maa Brahmacharini)

जय अंबे ब्रह्माचारिणी माता।
जय चतुरानन प्रिय सुख दाता।

ब्रह्मा जी के मन भाती हो।
ज्ञान सभी को सिखलाती हो।

ब्रह्मा मंत्र है जाप तुम्हारा।
जिसको जपे सकल संसारा।

जय गायत्री वेद की माता।
जो मन निस दिन तुम्हें ध्याता।
कमी कोई रहने न पाए।

कोई भी दुख सहने न पाए।
उसकी विरति रहे ठिकाने।

जो तेरी महिमा को जाने।
रुद्राक्ष की माला ले कर।

जपे जो मंत्र श्रद्धा दे कर।
आलस छोड़ करे गुणगाना।

मां तुम उसको सुख पहुंचाना।
ब्रह्माचारिणी तेरो नाम।

पूर्ण करो सब मेरे काम।
भक्त तेरे चरणों का पुजारी।
रखना लाज मेरी महतारी।


Comments